कोलकाता । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इशारे इशारे में शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार तृणमूल नेता पार्थ चटर्जी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि तृणमूल के एक नेता (पार्थ चटर्जी) का संबंध इतनी लड़कियों से है जितनी सुल्तानों का भी नहीं था।
राज भवन कोलकाता में राज्यपाल ला गणेशन से मुलाकात के बाद बाहर निकले शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में केवल एक शादी होती है इसलिए शायद उक्त नेता ने इन लड़कियों से शादी नहीं की नहीं तो इन तमाम लड़कियों से वह शादी कर लिए होते। शुभेंदु ने कहा कि पता चल गया है कि जिस लड़की के घर से इतनी बड़ी राशि बरामद हुई है वहां सप्ताह में पांच दिन समय बिताते थे। सुबह 9:00 बजे जाते थे और रात को निकलते थे। वहां से करोड़ों रुपये मिले हैं तो और किसी प्रमाण की जरूरत नहीं है। तृणमूल के मुखपत्र जागो बांग्ला का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उसमें इस बारे में क्यों कुछ नहीं छप रहा है? पार्थ चटर्जी तो उसके प्रधान संपादक हैं। उनकी डॉक्टरेट की डिग्री भी जाली है। ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए शुभेंदु ने कहा कि दीदी झूठ की खान हैं और केवल लोगों को बरगलाती हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि कैबिनेट में ऐसे लोगों को रखी है जो इतने बड़े भ्रष्टाचारी हैं। हकीकत यह है कि ममता की सहमति और जानकारी के बगैर कुछ भी नहीं हुआ है। ठीक से जांच हो तो सारा राज खुल जाएगा।
