आसनसोल में टोटो परिचालन पर शिकंजा, जुबली मोड़ पर रोक; हटन रोड वन-वे

यातायात जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने बदला रूट, नई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

आसनसोल। आसनसोल शहर में टोटो के बढ़ते परिचालन और उससे उत्पन्न यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव शुरू कर दिया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में टोटो के परिचालन को नियंत्रित करने के साथ वाहनों की आवाजाही के लिए कुछ मार्गों पर नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसी क्रम में जुबली मोड़ पर टोटो के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। वहीं, जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से हटन रोड को वन-वे कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से किए गए बदलाव के तहत हटन रोड से इस्माइल, अस्पताल, शनि मंदिर और आश्रम मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित मार्ग पर अब वाहन निर्धारित दिशा के अनुरूप ही चलाए जाएंगे। वाहन चालकों से वन-वे व्यवस्था का पालन करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से प्रशासन की नई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। पुलिस की ओर से कहा गया कि यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव के अनुरूप वाहन चालक निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करें। जिन मार्गों पर सीधे आवागमन संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक रास्तों का उपयोग किया जाए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने और उसके प्रभाव को समझने में कुछ समय लग सकता है, इसलिए कुछ दिनों तक धैर्य बनाए रखें। प्रशासन का उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और यातायात को व्यवस्थित करना बताया जा रहा है। टोटो के परिचालन को नियंत्रित करने की कार्रवाई भी इसी व्यापक यातायात व्यवस्था का हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि, प्रशासन के इस कदम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था में अचानक बदलाव किए जाने से रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हटन रोड और इसके आसपास कई विद्यालय हैं तथा वर्तमान समय में परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में मार्ग परिवर्तन और टोटो परिचालन पर रोक का सीधा असर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाजाही पर पड़ सकता है। उनका कहना है कि परीक्षा के समय यातायात व्यवस्था में अचानक बदलाव होने से छात्रों को समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी हो सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था में इस तरह का बदलाव करने से पहले पर्याप्त प्रचार-प्रसार और घोषणा की जानी चाहिए थी। यदि लोगों को पहले से रूट परिवर्तन की जानकारी दी जाती तो वाहन चालक और आम यात्री उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकते थे। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि आगामी पूजा को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाना है तो इसे पूजा के बाद लागू किया जाता, जिससे आम लोगों को अपेक्षाकृत कम परेशानी होती। लोगों ने प्रशासन से नई व्यवस्था की समीक्षा कर विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी ध्यान रखने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से बदले हुए मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में नई यातायात व्यवस्था के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव को देखा जाएगा। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यकतानुसार रूट व्यवस्था में बदलाव जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *