भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में रानीगंज के मनोज ओझा को मिली जिम्मेदारी

307 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी में मनोनीत होने पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह

रानीगंज। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी ने राज्यभर में संगठन को नए सिरे से मजबूत और व्यवस्थित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने 307 सदस्यों वाली नई प्रदेश कार्यकारिणी समिति की घोषणा की है। नई प्रदेश कार्यकारिणी में रानीगंज के वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज ओझा को भी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। उन्हें प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद रानीगंज के रामबागान सहित विभिन्न इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। मनोज ओझा रानीगंज के रामबागान क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान मिलने को उनके समर्थक पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और संगठनात्मक कार्यों के प्रति समर्पण का सम्मान मान रहे हैं। उनके मनोनयन की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। प्रदेश कार्यकारिणी में मनोनीत किए जाने पर मनोज ओझा ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। मनोज ओझा ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं की निष्ठा, मेहनत और समर्पण को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता को भी उसकी मेहनत और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें स्थान मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी और सक्रियता के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास किया जाएगा। मनोज ओझा ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उनके प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने से रानीगंज के भाजपा कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि मनोज ओझा को प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी मिलने से रानीगंज में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *