रानीगंज मे नशा के खिलाफ सड़क पर उतरी पुलिस, जागरूकता रैली में गूंजा ‘नशे को ना, जिंदगी को हां

रानीगंज। नशे बढ़ते दुष्प्रभाव से युवा पीढ़ी को बचाने और आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से रानीगंज में पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। रानीगंज थाना अंतर्गत पंजाबी मोड़ पुलिस फांड़ी की ओर से मंगलवार को नशा विरोधी जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं और पुलिसकर्मियों के हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखे बैनर और तख्तियां थीं। इनमें ‘मादक पदार्थों को ना कहें, जीवन को हां कहें’ और ‘स्वास्थ्य चुनें, जीवन चुनें’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता से जुड़े नारे भी लगाए गए। पंजाबी मोड़ फांड़ी के आईसी नाजमुल हुड्डा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी एवं कर्मी रैली में सक्रिय रूप से शामिल हुए। रैली के माध्यम से लोगों को बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। विशेषकर किशोरों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए समय रहते जागरूकता फैलाना जरूरी है।
रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क से गुजरने वाले लोगों, स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्र के नागरिकों से बातचीत कर उन्हें मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करें तथा मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि केवल कार्रवाई के माध्यम से नशे की समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। खासकर कम उम्र के बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना जरूरी है। पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *