कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में मनाया गया हिंदी दिवस

राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान, कर्मियों को दिलाई गई हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ

जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में चल रहे हिंदी माह के तहत आज हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के नेतृत्व में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में हिंदी दिवस समारोह आयोजित हुआ। समारोह में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक संदेश वडाड़े ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी कर्मियों को ‘राजभाषा प्रतिज्ञा’ दिलाई और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया। इस अवसर पर हिंदी भाषा की उत्पत्ति, उसके विकास और वर्तमान स्वरूप पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कर्मियों को बताया गया कि हिंदी ने विभिन्न ऐतिहासिक एवं सामाजिक चरणों से गुजरते हुए आधुनिक स्वरूप प्राप्त किया है। आज हिंदी भारत में व्यापक रूप से प्रयुक्त होने के साथ-साथ विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित कर रही है। क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक संदेश वडाड़े ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा भी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों, पत्राचार और अन्य आधिकारिक गतिविधियों में अधिकाधिक हिंदी का प्रयोग करें। इससे राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग की संस्कृति और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक दिन हिंदी के प्रति सम्मान व्यक्त करना नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है। इसके लिए सभी कर्मियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में हिंदी माह के दौरान हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कर्मियों को राजभाषा के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह के अंत में उपस्थित कर्मियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *