
द ऐरा रेड कार्पेट फैशन की पहल; मैथन एलॉयज के सीएमडी सुभाष अग्रवाला ने किया मंत्री का सम्मान
आसनसोल । द ऐरा रेड कार्पेट फैशन के तत्वावधान में स्थानीय आसनसोल क्लब में ‘नारी उत्कर्ष मेला’ का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस मेले में महिला सशक्तिकरण और कला-संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम के ओजस्वी गान और गणेश वंदना के साथ हुई।

इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण (PWD) एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) विभाग के माननीय मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार समारोह का उद्घाटनकरता के रूप में उपस्थित हुए। मेले की सराहना करते हुए मंत्री डॉ. पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा, “नारी ही वास्तविक रूप में समाज की शक्ति है। महिलाओं को उचित सम्मान, अवसर और मंच देना राष्ट्र निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को निखारने में मील का पत्थर साबित होते हैं।”

समारोह के दौरान गणमान्य अतिथि प्रतिष्ठित उद्योगपति प्रसिद्ध समाजसेवी और मैथन एलॉयज के सीएमडी (CMD) श्री सुभाष चंद्र अग्रवाला ने मंत्री डॉ. अजय पोद्दार को उत्तरीय एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से श्रीमती सीमा दत्ता चटर्जी, दयानंद महाराज, श्री अभय वर्णवाल, श्री सुदीप्तो राय, श्रीमती आशा शर्मा और श्रीमती रूपा गांगुली शामिल थीं। पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने और इसे भव्य रूप से सफल बनाने में सिमी चटर्जी और मोहर राज की सराहनीय एवं अहम भूमिका रही। मेले में लोगों का भारी उत्साह देखने को मिला।
—
