
आसनसोल। जामुड़िया में खुद को भाजपा नेता बताकर बालू लदे वाहनों से कथित रूप से अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश माझी के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर कथित वसूली से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामुड़िया थाना अंतर्गत चुरुलिया के मदनतोड़ क्षेत्र में बालू लदे वाहनों को रोककर उनसे कथित रूप से रुपये वसूले जा रहे थे। इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच प्रारंभ की और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए राकेश माझी को हिरासत में लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत आसनसोल न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित वसूली की घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। वही,घटना को लेकर भाजपा के आसनसोल संगठनात्मक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या गैरकानूनी गतिविधि का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पार्टी का नाम लेकर इस प्रकार के कार्यों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई करते समय किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति के प्रभाव में आए बिना केवल उपलब्ध साक्ष्यों और कानून के आधार पर कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी दल या संगठन से जुड़ा हो, उसके विरुद्ध समान रूप से कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, कथित वसूली के पूरे नेटवर्क तथा अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
