जामुड़िया मे रक्तदान शिविर में भाजपा-सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक, पुलिस ने संभाली स्थिति

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के परिहारपुर स्थित वार्ड संख्या-3 के 10 नंबर इलाके में शनिवार को माकपा के दिवंगत नेता एवं पूर्व सांसद कॉमरेड विकास चौधरी की पुण्यतिथि पर आयोजित स्मृति सभा एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान उस समय राजनीतिक तनाव उत्पन्न हो गया, जब कार्यक्रम में मौजूद सीपीआई(एम) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया। कार्यक्रम में सीपीआई(एम) की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी मुखर्जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थीं। वह सभा को संबोधित कर रही थीं, तभी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाजपा मंडल-4 के सचिव राजू गांगुली तथा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विशाल गांगुली सहित कुछ भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तीखी नोकझोंक में बदल गई। दोनों दलों के समर्थकों के आमने-सामने आने से कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद मीनाक्षी मुखर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से कार्यक्रम में व्यवधान डालने का प्रयास किया। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित सभा को बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। भाजपा ने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रम के मंच से राजनीतिक टिप्पणी किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने केवल आपत्ति जताई थी। उनका दावा है कि भाजपा ने किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं किया और न ही कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास किया। तनाव की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की सक्रियता के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और रक्तदान शिविर सहित अन्य कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। वही
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *