वास्तविक अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए — राजकुमार मित्तल

अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार मित्तल ने वास्तविक अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा — रामगढ़ निवासी युवा समाजसेवी स्वर्गीय सुमित अग्रवाल की संदिग्ध एवं अत्यंत दुःखद मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक, हृदय विदारक एवं चिंताजनक है। इस असामयिक घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि समस्त अग्रवाल एवं मारवाड़ी समाज को गहरे शोक में डुबो दिया है।

श्री मित्तल जी ने शोकग्रस्त हृदय से कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से तथा व्यक्तिगत रूप से मैं स्वर्गीय सुमित अग्रवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ तथा परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करें।

उन्होने आगे कहा कि यदि प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के अनुसार यह एक सुनियोजित आपराधिक कृत्य है, तो यह केवल एक परिवार पर नहीं, बल्कि समाज में कानून के शासन और मानवीय मूल्यों पर भी आघात है। ऐसी घटनाओं के दोषियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी समाज में भय एवं अपराध की प्रवृत्ति को बढ़ावा देती है।

उन्होने पुरजोर आग्रह किया कि मैं झारखंड शासन, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित जांच एजेंसियों से आग्रह करता हूँ कि इस प्रकरण की निष्पक्ष, वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर, वास्तविक अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए शीघ्र न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से कठोरतम दंड दिलाया जाए, ताकि समाज का कानून एवं न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

उन्होने शोक संतप्त परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ पूर्ण संवेदना एवं नैतिक समर्थन के साथ खड़ा है।

उन्होने आगे कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र न्याय सुनिश्चित करेगा और दोषियों को उनके अपराध के अनुरूप कठोरतम दंड दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *