
जामुड़िया। बारिश के मौसम में जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की केंदा अंचल कमेटी की ओर से बुधवार को तिरपाल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंदा ग्राम पंचायत अंतर्गत ईस्ट केंदा ओड़िया पाड़ा क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के बीच तिरपाल वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के केंदा बूथ प्रभारी दीपक कुंडू ने कहा कि बरसात के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई घरों की छतें जर्जर होने के कारण बारिश का पानी सीधे घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे परिवारों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने इस समस्या की जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को दी थी, जिसके बाद पंचायत से संपर्क कर तिरपाल की व्यवस्था कराई गई। दीपक कुंडू ने बताया कि प्रथम चरण में पांच जरूरतमंद परिवारों को तिरपाल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे बारिश के दौरान अपने घरों को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र के अन्य जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें भी तिरपाल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़ी रही है तथा प्राकृतिक आपदा या विपरीत परिस्थितियों में लोगों की हरसंभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना भी है।तिरपाल वितरण कार्यक्रम के दौरान युवा भाजपा नेता बच्चू बाउरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी जरूरतमंद परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों ने समय पर तिरपाल उपलब्ध कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि बरसात के मौसम में यह सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी और उन्हें बारिश से होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।
