दुर्गापुर में अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन, सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

दुर्गापुर। दुर्गापुर शहर में अवैध निर्माण और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को व्यापक कार्रवाई शुरू की। नगर निगम की टीम ने 14 और 15 नंबर वार्ड में बिना स्वीकृत नक्शे के किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लखन घोरुई भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का निरीक्षण करते हुए अवैध निर्माण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी।नगर निगम की पहली कार्रवाई 14 नंबर वार्ड के नतूनपल्ली इलाके में की गई, जहां एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में बिना स्वीकृत भवन योजना के बनाए गए विशाल जल टैंक (वॉटर टैंक) को ध्वस्त करने का प्रयास किया गया। नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और टैंक को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, संरचना अत्यधिक मजबूत होने के कारण उसे पूरी तरह नहीं तोड़ा जा सका। इसके बाद नगर निगम ने संबंधित बिल्डर को तीन दिन के भीतर स्वयं अवैध जल टैंक हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया तो नगर निगम स्वयं कार्रवाई करेगा और संबंधित व्यक्ति से नियमानुसार तीन गुना तक जुर्माना वसूला जाएगा। इसी अभियान के तहत 15 नंबर वार्ड के भगत सिंह नगर इलाके में सड़क पर अतिक्रमण कर बहुमंजिला इमारत बनाए जाने की शिकायत की जांच शुरू की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि की मापी कराई, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि निर्माण सरकारी भूमि अथवा सड़क पर किया गया है या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने पर नियमानुसार निर्माण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद विधायक लखन घोरुई ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भवन निर्माण नियमों की व्यापक अनदेखी हुई, जिसके कारण कई स्थानों पर स्वीकृत नक्शे से अधिक मंजिलों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भवन निर्माण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर निगम के अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि शहर में बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण तथा भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे शहरी विकास को व्यवस्थित करने और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *