जामुड़िया के शिवपुर दयाटेश्वर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ, सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी की पहल एवं सहयोग से शिवपुर स्थित प्रसिद्ध दयाटेश्वर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने को देखते हुए इस कार्य की शुरुआत की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मंदिर परिसर के बाहरी प्रांगण के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रंजीत गांधी, अशोक नोनिया, निरंजन सिंह, पार्थो पांडा सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि विधायक बनने के बाद से डॉ. बिजन मुखर्जी जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जल निकासी प्रणाली में सुधार, सड़क निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में शिवपुर दयाटेश्वर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया।
बताया गया कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए इस मंदिर में पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से इस परियोजना का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर अशोक नोनिया ने कहा कि विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने पदभार संभालने के बाद से जामुड़िया के समग्र विकास को गति दी है। क्षेत्र में लगातार जनहित से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में संतोष और विश्वास बढ़ा है।वही भाजपा नेता निरंजन सिंह ने कहा कि दयाटेश्वर मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
वहीं रंजीत गांधी ने भी मंदिर परिसर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर की गरिमा में भी वृद्धि होगी। पार्थो पांडा ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की शुरुआत एक सराहनीय पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्य पूरा होने के बाद मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक सुविधा और बेहतर वातावरण मिलेगा। स्थानीय लोगों ने विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक और आधारभूत विकास से जुड़े कार्य इसी गति से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *