जामुड़िया मारवाड़ी युवा मंच शाखा की ओर से नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

जामुड़िया। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय मारवाड़ी युवा मंच, जामुड़िया शाखा द्वारा एक्सिस बैंक, जामुड़िया शाखा के सहयोग से सोमवार को एक भव्य नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जामुड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने अपनी आंखों की जांच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को नेत्र रोगों के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते उचित उपचार उपलब्ध कराना था।शिविर में आसनसोल स्थित आई शार्प साइट हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से लोगों की आंखों की विस्तृत जांच की। अस्पताल की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ (ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट) डॉ. सयंति बसु ने बताया कि संस्थान की देशभर में 17 से अधिक शाखाएं संचालित हैं, जहां रेटिना संबंधी बीमारियों, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा सहित आंखों से जुड़ी विभिन्न जटिल समस्याओं का आधुनिक तकनीक से उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि समय पर जांच से गंभीर नेत्र रोगों का सफल उपचार संभव है। मारवाड़ी युवा मंच, जामुड़िया शाखा के अध्यक्ष मयंक चौधरी ने कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। इसी भावना के साथ समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, गर्मी के मौसम में शीतल जलधारा सेवा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। मंच के सदस्य संदीप खेतान ने बताया कि आगामी 28 जुलाई को अग्रसेन भवन में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर में भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम के संचालक राजेश शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच की पहचान समाज सेवा और मानवता की भावना से जुड़ी हुई है। संस्था हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे रहती है और भविष्य में भी इसी सेवा भाव के साथ जनहित के कार्य करती रहेगी। शिविर के सफल आयोजन में संस्था के सचिव नितिन सुल्तानिया, कोषाध्यक्ष मोहित संथालिया, संतोष अग्रवाल, नंदन अग्रवाल, महेश सावड़िया, संजय अग्रवाल सहित मंच के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के समापन पर आयोजकों ने चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *