आसनसोल अदालत में लगातार प्रदर्शन, वकीलों ने सुरक्षा की मांग को लेकर प्रवेश द्वार किया जाम

आसनसोल। गत शुक्रवार अदालत परिसर में एक मामले को लेकर कुछ बाहरी लोगों (आउटसाइडर) और वकीलों के बीच कहासुनी तथा तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ बाहरी लोगों ने वकीलों पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इस घटना के विरोध में गत शनिवार और सोमवार को आसनसोल अदालत के एक मुख्य प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर वकीलों ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके चलते अदालत परिसर में तनाव का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोरंजन मुखर्जी ने बताया कि शुक्रवार की घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों द्वारा हमले की घटना को लेकर बार एसोसिएशन की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, कुछ वकीलों के खिलाफ भी पलटकर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने मांग की कि इस मामले को लेकर पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी को जल्द से जल्द बार एसोसिएशन के साथ बैठक कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देना चाहिए। वकीलों की मांग है कि अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *