वेतन भुगतान में देरी से भड़का आक्रोश, आसनसोल नगर निगम के जल विभाग के कैजुअल कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

आसनसोल। समय पर वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज आसनसोल नगर निगम के जल विभाग में कार्यरत कैजुअल कर्मचारियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। बकाया वेतन की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया और प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे लगातार अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उनका कहना था कि महंगाई के इस दौर में बिना वेतन के परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है और अब स्थिति असहनीय होती जा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद आफताब आलम ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारियों के घरों में आर्थिक तंगी इस कदर बढ़ गई है कि परिवार चलाने के लिए उन्हें दुकानदारों से उधार लेकर राशन और अन्य जरूरी सामान खरीदना पड़ रहा था। अब अधिकांश दुकानदारों ने भी उधार देना बंद कर दिया है, जिससे कर्मचारियों के सामने भोजन और अन्य बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी का सबसे अधिक असर कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। समय पर स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है और पढ़ाई से संबंधित आवश्यक खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है। कई परिवार कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। मोहम्मद आफताब आलम ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर सभी कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि उस समय नगर निगम के आयुक्त (कमिश्नर) तथा प्रशासनिक अधिकारी (एडमिनिस्ट्रेटिव मैडम) कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद कर्मचारियों ने नगर निगम के सचिव (सेक्रेट्री) से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और शीघ्र वेतन भुगतान की मांग रखी। कर्मचारियों के अनुसार, सचिव ने उन्हें आश्वासन दिया कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। उन्होंने कर्मचारियों से एक सप्ताह का समय मांगा और कहा कि जैसे ही आवश्यक फंड उपलब्ध होगा, सभी कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। सचिव के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *