
मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुर रेलवे फाटक पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दो स्कूली छात्रो और एक साईकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कई स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक छोटा चारपहिया वाहन स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान वाहन गोविंदपुर रेलवे फाटक पार करने का प्रयास कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रेन गुजरने के बाद वाहन चालक ने फाटक पार करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसी समय दूसरी दिशा से एक अन्य ट्रेन आ रही थी, लेकिन रेलवे फाटक बंद नहीं किया गया। इसी दौरान एक साइकिल सवार भी रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही दूसरी ट्रेन ने छोटे वाहन और साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति और दो स्कूली बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से बहरमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वही हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूसरी ट्रेन आने के बावजूद रेलवे फाटक समय पर बंद नहीं किया गया, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल रेलवे प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
