कुनुस्तोड़िया श्मशान भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, भूमि माफियाओं पर कार्रवाई की मांग

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी ग्राम पंचायत अंतर्गत कुनुस्तोड़िया स्थित बाबा होटल के समीप श्मशान घाट की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्मशान परिसर में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप, निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से अंतिम संस्कार के लिए उपयोग में लाई जा रही इस पारंपरिक एवं सार्वजनिक श्मशान भूमि पर कुछ लोग डंपरों से राख (छाई) भरकर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान श्मशान परिसर की भूमि का स्वरूप बदला जा रहा है तथा पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। लोगों का कहना है कि विरोध के बाद एक बार काम रोक दिया गया था, लेकिन अगले ही दिन फिर से डंपरों के माध्यम से भराई शुरू कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के एकजुट विरोध को देखते हुए संबंधित लोग काम बंद कर वहां से चले गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहां कि यह श्मशान केवल जामुड़िया के तपसी ग्राम पंचायत का ही नहीं, बल्कि रानीगंज के अमरासोता ग्राम पंचायत गांव के लोगों के लिए भी वर्षों से अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थल रहा है। इसलिए इसकी सुरक्षा हजारों लोगों की धार्मिक आस्था और जनहित से जुड़ा विषय है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार पंचायत प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से कथित भूमि माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, श्मशान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, उसकी विधिवत सीमांकन कराने तथा श्मशान घाट के संरक्षण एवं विकास की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाता है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा श्मशान भूमि की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर खोरु रुईदास, राकेश गिरी, तपन बाउरी, बाबन रुईदास, जीतन रुईदास, भादू रुईदास, सुखी रुईदास, लीला गोराई, लीलू कोड़ा, अशोक रुईदास, धनु रुईदास, प्रसंजीत बनर्जी, अजीत कोड़ा, सिबराम मंडल, आदित्य बाउरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *