
रानीगंज। पवित्र रथयात्रा के शुभ अवसर पर रानीगंज नगर निगम के वार्ड संख्या 91 स्थित गिरजा पाड़ा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के नए पार्टी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। रानीगंज के विधायक पार्थ घोष ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल का छिड़काव कर परिसर का शुद्धिकरण किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक पार्थ घोष ने कहा कि यह कार्यालय केवल पार्टी गतिविधियों का केंद्र नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान और जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जिस स्थान की पहले गलत कारणों से चर्चा होती थी, आज उसी स्थान को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुद्ध कर जनहित और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित किया गया है। यहां से जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। भाजपा मंडल-1 के अध्यक्ष शमशेर सिंह, महासचिव राजा भौमिक, वार्ड 91 के शक्ति केंद्र प्रमुख एवं रानीगंज विधानसभा के मीडिया संयोजक देवाशीष केवड़ा सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। देवाशीष केवड़ा ने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र के लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा और भाजपा कार्यकर्ता जनता की समस्याओं के समाधान, जनसंपर्क तथा सामाजिक कार्यों के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यालय का उद्घाटन धार्मिक परंपराओं के अनुसार किया गया है और इसे पूरी तरह जनसेवा के उद्देश्य से समर्पित किया गया है। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान को गति देने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना और उनके समाधान का प्रयास करना है। उद्घाटन समारोह में भाजपा मंडल-1 के अध्यक्ष शमशेर सिंह, महासचिव राजा भौमिक, देवाशीष केवड़ा, कैलाश गोस्वामी, मिठू केवड़ा, लक्ष्मीकांत केवड़ा, विक्की साव, सोभा यादव, कृष्णा रवानी, विवेकानंद सिंह, नीलू मंडल, मिलन केवड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
