जामुड़िया में भाजपा युवा मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा के तत्वाधान मे रक्तदान शिविर, विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने किया रक्तदान का आह्वान

 


जामुड़िया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के नंडी स्कूल मोड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष को ध्यान मे रखते हुए आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम में जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पश्चिम बंगाल के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के समय कुछ शक्तियां पश्चिम बंगाल के एक बड़े हिस्से को तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान में शामिल कराने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन डॉ. मुखर्जी ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता न करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया और पश्चिम बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पिछले 34 वर्षों के वाम मोर्चा शासन और उसके बाद 15 वर्षों के तृणमूल कांग्रेस शासन में विकास से अधिक वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी गई। अब भाजपा के नेतृत्व में तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा और यही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं, विधायक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बिजन मुखर्जी ने रक्तदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वह भली-भांति जानते हैं कि जब किसी मरीज को अचानक रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो उसके परिजनों पर कैसी कठिन परिस्थिति आ जाती है। कई बार आवश्यक रक्त समूह समय पर उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे मरीज की जान पर बन आती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद अमूल्य है और समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से अपील करते हुए कहा कि वर्ष में कम से कम तीन से चार बार इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए भाजपा युवा मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राणा बनर्जी ने भी रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि इस शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान शिविर में रोहित रुईदास, अजय रुईदास, भोलानाथ धीवर, राणा बनर्जी, निरंजन सिंह, अभय बनर्जी, गणेश बावरी, विश्वजीत मिश्रा, श्यामल चक्रवर्ती सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *