
रानीगंज। आगामी 21 जुलाई को कोलकाता के शहीद मीनार में आयोजित होने वाले कांग्रेस के शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज रानीगंज के इतवारी मोड़ क्षेत्र में रानीगंज ब्लॉक कांग्रेस की ओर से एक तैयारी सभा आयोजित की गई। सभा में कांग्रेस नेताओं ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को कोलकाता पहुंचकर वर्ष 1993 में पुलिस गोलीबारी में शहीद हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रानीगंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शीलानंदन झा, जिला महासचिव एवं रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी फ़ैज़ अहमद, रानीगंज ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित भट्टाचार्य, रानीगंज ब्लॉक कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद कमाल, सालतोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष जगदानंद, तबरेज गांधी, अलमास आलम, गुलाम अली, वसीम खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शीलानंदन झा ने कहा कि 21 जुलाई 1993 को लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए पुलिस गोलीबारी में जिन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, उनका बलिदान कांग्रेस कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 21 जुलाई की इस घटना को राजनीतिक रूप से अपने पक्ष में प्रस्तुत किया और शहीद दिवस को अपने कार्यक्रम तक सीमित कर दिया। उनका कहना था कि इससे यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि केवल तृणमूल कांग्रेस ही इस घटना से जुड़ी है, जबकि वास्तविकता यह है कि उस गोलीकांड में जान गंवाने वाले सभी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। शीलानंदन झा ने कहा कि अब राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में नहीं है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता एक बार फिर अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि देने के लिए 21 जुलाई को कोलकाता के शहीद मीनार पहुंचेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा राजनीतिक मुकाबला है। कांग्रेस लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस का समर्थन करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य और देश में लोकतांत्रिक परंपराओं तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए कांग्रेस को सशक्त बनाना आवश्यक है। सभा में उपस्थित नेताओं ने भी 21 जुलाई के कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि रानीगंज से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोलकाता पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
