आसनसोल के राहा लेन से हट्टन रोड तक चला नगर निगम का बुलडोजर, फुटपाथ से हटाया गया अतिक्रमण

जाम से राहत और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए कार्रवाई, दोबारा कब्जा करने वालों को चेतावनी

आसनसोल। आसनसोल शहर को जाममुक्त और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में आसनसोल नगर निगम ने शुक्रवार को व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने राहा लेन से हट्टन रोड तक फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण साफ कराया। अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि राहा लेन से हट्टन रोड तक के क्षेत्र में लंबे समय से यातायात जाम और पैदल चलने वालों को होने वाली परेशानियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। फुटपाथों पर अस्थायी दुकानें, ठेले, टेबल, बैनर तथा अन्य सामान रखे जाने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में गुरुवार को राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में राहा लेन से हट्टन रोड तक फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद गुरुवार को संबंधित क्षेत्र में चिन्हांकन (मार्किंग) का कार्य किया गया और शुक्रवार को नियोजित तरीके से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान फुटपाथों पर रखे गए ठेले, टेबल, बांस-बल्लियां, बैनर और अन्य अवैध संरचनाओं को हटाया गया। नगर निगम के कर्मचारियों ने बुलडोजर की सहायता से पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिससे फुटपाथ फिर से आम नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध हो सके। कार्रवाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ व्यापारियों ने शहर को व्यवस्थित और जाममुक्त बनाने के लिए नगर निगम के इस कदम का स्वागत किया, जबकि कुछ दुकानदारों ने वैकल्पिक स्थान अथवा पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की मांग की। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति दोबारा फुटपाथ पर अवैध कब्जा करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *