रानीगंज मे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय का भाजपा नेताओं ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

रानीगंज। रानीगंज के गिरजापाड़ा स्थित आसनसोल नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा ने गंभीर सवाल उठाए हैं। बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष मोनू वर्मा तथा आसनसोल जिला भाजपा के कार्यकारी सदस्य रवि केशरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यालय में अव्यवस्था, कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा आम लोगों को हो रही परेशानियों का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का दावा है कि पिछले कई महीनों से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रमाणपत्र समय पर नहीं मिलने के कारण बच्चों के स्कूलों में दाखिले, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य आवश्यक सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्धारित कार्यालय समय के बावजूद कई अधिकारी और कर्मचारी अपने कक्षों में मौजूद नहीं थे। लोगों द्वारा जानकारी लेने पर पोर्टल तकनीकी रूप से काम नहीं करने की बात कही गई। भाजपा नेताओं ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। भाजपा युवा मोर्चा के रानीगंज मंडल-1 अध्यक्ष मोनू वर्मा ने कहा कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए लोगों को महीनों तक भटकना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को समय पर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, भाजपा के जिला कार्यकारी सदस्य रवि केशरी ने आरोप लगाया कि कार्यालय की कार्यप्रणाली पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। रवि केशरी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों का काम कथित रूप से पैसे लेकर प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है, जबकि सामान्य आवेदकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और लोगों को समय पर प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए, तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *