
बीरभूम। भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री एवं बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. सुकांत मजूमदार ने आज पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारापीठ पहुंचकर मां तारा के चरणों में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य में शांति, समृद्धि, सर्वांगीण विकास और सभी नागरिकों के सुख-कल्याण की कामना करते हुए मां तारा का आशीर्वाद प्राप्त किया। केंद्रीय मंत्री के तारापीठ पहुंचने पर रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक ध्रुव साहा तथा भाजपा के बीरभूम संगठनात्मक जिला अध्यक्ष उदय शंकर बनर्जी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया। इसके बाद डॉ. सुकांत मजूमदार ने विधि-विधान के साथ मां तारा की पूजा-अर्चना की और मंदिर में विशेष प्रार्थना अर्पित की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के बीरभूम संगठनात्मक जिला अध्यक्ष उदय शंकर बनर्जी, रामपुरहाट के विधायक ध्रुव साहा, तारापीठ मंदिर समिति के अध्यक्ष निखिल बनर्जी तथा बड़ी संख्या में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के उपरांत डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि उन्होंने मां तारा से पश्चिम बंगाल में शांति, समृद्धि, सामाजिक सौहार्द और सर्वांगीण विकास की प्रार्थना की है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक नागरिक के सुख, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मां तारा का आशीर्वाद प्राप्त किया। तारापीठ प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पावन शक्तिपीठ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने मां तारा से प्रार्थना की कि पश्चिम बंगाल निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रदेश के सभी लोगों का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो। केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उनके दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
