फिरे पावा’ कार्यक्रम के तहत जामुड़िया पुलिस ने 61 लोगों को लौटाए खोए हुए मोबाइल

जामुड़िया।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत जामुड़िया थाना की ओर से आयोजित ‘फिरे पावा’ कार्यक्रम के तहत 61 लोगों को उनके खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने जामुड़िया पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एसीपी बिमान कुमार मिर्धा, सर्किल इंस्पेक्टर मानस दास, जामुड़िया थाना प्रभारी सौमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे और भविष्य में मोबाइल चोरी अथवा गुम होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का मोबाइल फोन चोरी होने या गुम होने पर उसे बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देनी चाहिए तथा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल का पता लगाने और उसे बरामद करने में काफी सुविधा होती है।अधिकारियों ने कहा कि एक ओर लोगों को उनके मोबाइल वापस सौंपकर खुशी हो रही है, वहीं दूसरी ओर यह चिंता का विषय भी है कि बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी या गुम हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि यदि कोई व्यक्ति समय पर शिकायत दर्ज कराता है और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराता है, तो पुलिस पूरी तत्परता के साथ मोबाइल की बरामदगी का प्रयास करती है। उन्होंने आम लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने और किसी भी आपराधिक घटना की तत्काल सूचना देने की भी अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *