
जामुड़िया। भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया के वार्ड संख्या-5 अंतर्गत एबी पीट स्टाफ क्लब की ओर से फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के पांच फुटबॉल क्लबों को फुटबॉल प्रदान किए गए। इनमें अधिकांश क्लबों के खिलाड़ी अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े बच्चे और युवा थे। आयोजकों ने कहा कि खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर भाजपा नेता विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने सदैव जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्रहित तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है तथा फुटबॉल जैसे खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर आकर्षित करेंगे। कार्यक्रम में विश्वजीत मिश्रा, सजल ओझा, धर्मेंद्र पासवान, रवि नोनिया, मोनू महतो सहित एबी पीट स्टाफ क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
