
जामुड़िया। सोशल मीडिया पर एक कथित वायरल वीडियो में भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने के दावे को लेकर रविवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोबराना क्षेत्र के खासकेंदा स्थित एक चर्च पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया । हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, जामुड़िया मंडल-2 के भाजपा कार्यकर्ता एवं युवा नेता देबाशीष दुबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता चर्च पहुंचे और चर्च प्रबंधन से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि किसी भी धार्मिक स्थल का उपयोग किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में प्रचार अथवा दुष्प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए। देबाशीष दुबे ने कहा कि समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में धर्मांतरण से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें भाजपा के खिलाफ कथित रूप से दुष्प्रचार किए जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो किस स्थान का है, इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है और इसकी पुष्टि भी नहीं हुई है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर वे क्षेत्र के चर्च पहुंचे और चर्च प्रबंधन से अनुरोध किया कि धार्मिक स्थलों से किसी भी राजनीतिक दल के खिलाफ किसी प्रकार का प्रचार या दुष्प्रचार नहीं किया जाना चाहिए। दूसरी ओर, चर्च प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। चर्च के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके चर्च में न तो किसी प्रकार का धर्मांतरण कराया जाता है और न ही किसी राजनीतिक दल के खिलाफ प्रचार या दुष्प्रचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सभी आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। घटना के दौरान कुछ समय के लिए चर्च परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर जामुड़िया थाना के केंदा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हो गया और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उल्लेखनीय है कि जिस वायरल वीडियो को लेकर यह विवाद उत्पन्न हुआ, उसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस या प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
