
आसनसोल। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से रविवार को आसनसोल स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने तथा संगठनात्मक ढांचे को अधिक सुदृढ़ और सक्रिय बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक लगातार सक्रिय रहना होगा। आसनसोल दक्षिण विधानसभा के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शाह आलम खान ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़कर पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी। इसके लिए सदस्यता अभियान को और तेज करने तथा प्रत्येक क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक का प्रमुख एजेंडा 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम में आसनसोल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस संबंध में विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा तय किया गया कि आसनसोल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता संगठित रूप से कोलकाता पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बांटी गईं।
बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और जनसेवा का रहा है तथा उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रसेनजीत पोइतुंडी, शंपा सरकार, कंचन दे, मानव राय, काजल दत्ता, अधिवक्ता राजेश्वर, वाजिद हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
