
आसनसोल। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के शुभंकरपाड़ा इलाके में एक युवक की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों ने स्थानीय तीन युवकों पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है तथा दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को शुभंकरपाड़ा इलाके में किसी बात को लेकर अभिषेक ठाकुर का स्थानीय युवकों जितेन, बाबू और अर्जुन के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान तीनों ने अभिषेक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। बताया जाता है कि शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य मारपीट की घटना नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हमला था, जिसके कारण अभिषेक की जान चली गई।उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। घटना की सूचना फैलते ही शुभंकरपाड़ा इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ा दी गई।सूचना मिलने पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी तथा आरोपितों से पूछताछ भी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपितों के विरुद्ध कब तथा किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।
