
रानीगंज। रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से शुक्रवार को फाउंडर्स डे ऑब्जर्वेंस कार्यक्रम का आयोजन कर संस्थापक सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान संस्थापकों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया तथा उनके परिवार के सदस्यों का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक अरुण भारतीया ने बताया कि चैंबर की मजबूत नींव रखने वाले संस्थापकों के योगदान को स्मरण करने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करने के उद्देश्य से फाउंडर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थापक सदस्यों की दूरदर्शिता, ईमानदारी और समाजसेवा की भावना आज भी संस्था के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।
इस अवसर पर चैंबर के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, महासचिव शरत कनोरिया, उपाध्यक्ष मनोज केसरी, जगदीश झुनझुनवाला सहित अन्य वक्ताओं ने संस्थापक सदस्यों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स व्यापारियों की एक सशक्त संस्था के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि संस्थापकों के आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से आध्यात्मिक विचार प्रस्तुत किए गए। परमजीत कौर एवं विकास खेतान ने भक्ति-भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर चैंबर के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद राम खेतान के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चैंबर के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में सभी ने संस्थापकों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए संस्था को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
