
देश की वाणिज्यिक राजधानी कोलकाता में प्रमुख थोक बाजार, पोस्ता बाजार में मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव, वरिष्ठ समाज सेवी, प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री विश्वनाथ अग्रवाल पर हमला किया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार बृहस्पतिवार को उनके कार्यालय में 40 से 50 अज्ञात असमाजिक तत्वों ने उनके कार्यालय में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया। इस दुस्साहसिक हमले के विरोध में पोस्ता मर्चेंट एसोसिएशन ने आपातकालीन सभा बुलाकर सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर दोषी व्यक्तियों की गिरफ्तारी एवं कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए पोस्ता बाजार में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।
अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राज कुमार मित्तल ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पश्चिम बंगाल की लोकप्रिय भाजपा सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी जी से हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग रखी है और कहा कि किसी के ऑफिस में घुसकर इस तरह का उपद्रव और मारपीट करना और उग्र भीड़ द्वारा कार्यालय में अव्यवस्था फैलाना घृणित एवं दंडनीय कार्य है। अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राज कुमार मित्तल मित्तल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में मारवाड़ी समुदाय का अमूल्य योगदान रहा है। श्री राज कुमार मित्तल ने कहा कि समाज के वरिष्ठ समाज सेवी सदस्य श्री विश्वनाथ अग्रवाल पर हुआ हमला पूरे व्यापारी समाज पर हमला है हम इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना के विरोध में पूरे भारतवर्ष के व्यापारी वर्ग श्री विश्वनाथ अग्रवाल के साथ खड़ा है।
उल्लेखनीय है कि पोस्ता बाजार पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा खाद्यान्न और मसाला थोक बाजार है। व्यापारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण बाजार में करोड़ों रुपए का कारोबार ठप्प हो जाएगा। श्री राज कुमार मित्तल ने पश्चिम बंगाल के ओजस्वी मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी से मांग करते हुए कहा की श्री विश्वनाथ अग्रवाल पर हुए हमले के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करके दंडित करे और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए आला अधिकारियों को दिशा निर्देश दे।
