शहीद दिवस के मंच से फिरहाद ने कहा : भाग भाजपा भाग

कोलकाता। 1993 में पुलिस की गोली से शहीद हुए कांग्रेस के 13 कार्यकर्ताओं की याद में हर साल आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम के जरिए इस साल भी ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने राजनीतिक हमले बोले हैं। 30 सालों बाद भी न्याय की उम्मीद में बैठे शहीद परिवारों को मंच पर बैठाकर ममता बनर्जी के अलावा उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने चुन-चुन कर अपने राजनीतिक विरोधियों खासकर भाजपा पर हमला बोला। ममता कैबिनेट में परिवहन मंत्री और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने 2024 का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि भाग भाजपा भाग। उन्होंने कहां की भाग मोदी भाग, भाग अमित शाह भाग, भाग शुभेंदु भाग, 2024 में सारा देश यही कहेगा।
———-


देश के लिए रोल मॉडल हैं ममता : शत्रुघ्न सिन्हा
– आसनसोल से नवनिर्वाचित सांसद और दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने संबोधन करते हुए कहा कि ममता बनर्जी पूरे देश के लिए रोल मॉडल हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान वह गेम चेंजर साबित होंगी। ममता को आयरन लेडी” की संज्ञा देते हुए सिन्हा ने कहा कि जिस तरह से भाजपा की तमाम कोशिशों के बावजूद तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें शिकस्त दी है उससे सबक लेने की जरूरत है। खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ममता से सीखना चाहिए। ममता पूरे विश्व के लिए रोल मॉडल बन चुकी हैं। बंगाल की गौरव हैं। देश में दूसरा कोई भी नेता ममता की तरह लोकप्रिय नहीं है। निश्चित तौर पर लोकसभा चुनाव में वह गेम चेंजर साबित होंगी।
इसके अलावा अग्नीपथ योजना पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि चार सालों के लिए जिन्हें रोजगार दिया जाएगा वे कौन से लोग होंगे? कहीं भाजपा के लोगों को ही केवल मौका तो नहीं मिलेगा?
बिहारी बाबू ने संबोधन करते हुए कहा कि बंगाल जो आज सोचता है वही सारा देश कल सोचता है। संबोधन के अंत में उन्होंने जयबांग्ला का नारा भी लगाया।
——–


इस बार शुन्य हो जाएगी भाजपा : सुदीप बनर्जी
– शहीद दिवस के मंच से संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी के संसदीय दल के नेता सुदीप बनर्जी ने भी भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी शुन्य हो जाएगी। उन्होंने माकपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि वामदल खत्म हो गए हैं और भाजपा भी खत्म होगी। उत्तर कोलकाता से सांसद ने कहा कि पूरे देश में धर्म के नाम पर नफरत फैलाकर राजनीति हो रही है। ध्यान भटकाने के लिए आज ही राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम घोषित होने हैं। लगातार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। सुदीप ने कहा कि मैंने अपने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि बंगाल पर लंबे वक्त तक शासन करने वाली माकपा खत्म हो जाएगी लेकिन खत्म हो गई है और भाजपा भी होगी। आठ सालों के शासन के दौरान भाजपा ने 80 गलतियां की है। नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण जीएसटी, चीन का भारत भूखंड पर घुसपैठ, रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी, केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग, संघीय ढांचे का विनाश, धर्म के नाम पर देश भर में दंगे। इसलिए भाजपा को देश से हटाना ही होगा।
——–

लोकसभा चुनाव में तृणमूल का प्रदर्शन होगा शानदार : सौगत रॉय
– शहीद दिवस के मंच से संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के वयोवृद्ध सांसद सौगत राय ने दावा किया है कि 2023 के पंचायत चुनाव और उसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहने वाला है। ममता के साथ अपने तीन दशक की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि 29 साल हो गए। ममता के साथ हम लोग भी बूढ़े हो गए लेकिन राजनीतिक तौर पर एकजुट रहे। उन्होंने कहा कि वामपंथियों को पता था कि उन्हें सत्ता से उखाड़ने में केवल ममता बनर्जी सक्षम हैं। इसलिए उन पर हमला किया था। उनकी जान लेने की कोशिश की थी लेकिन सफल नहीं हुए। ममता ने ना केवल उन्हें उखाड़ा बल्कि बंगाल में जनमुखी शासन स्थापित किया है जिसकी वजह से आज देश की सर्वाधिक जनप्रिय नेत्री बन गई हैं। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ममता का वह करिश्माई नेतृत्व ही है जिसकी वजह से दिल्ली से भाजपा के दिग्गज आए और यहां से मात खाकर लौटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?