तारातला हादसे में पूर्व मेयर फिरहाद एवं दो पार्षदों के नाम शिकायत दर्ज; मरने वालों की संख्या हुई 17

कोलकाता, 27 जून । महानगर कोलकाता के तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन गोदाम ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा है। इस बीच, इस दुखद हादसे को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता मजदूर सेल ने तारातला थाने में कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम, पूर्व पार्षद अनवर खान और शम्स इकबाल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में दावा किया गया है कि यह भयानक हादसा अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही के कारण हुआ। हालांकि, इस शिकायत पर आरोपितों की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

पिछले बुधवार को, एक बड़ा निर्माणाधीन शेड अचानक गिर गया, जिससे कई मज़दूर मलबे में दब गए। तब से, सेना, राष्ट्रिय आपदा प्रबंधन की टीम, स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स टीम, अग्निशमन विभाग और कोलकाता पुलिस की मिली-जुली कोशिशों से लगातार बचाव अभियान चल रहा है। शनिवार सुबह ऑपरेशन का चौथा दिन था। मलबे में अभी भी कोई फंसा है या नहीं, यह पता लगाने के लिए अत्याधुनिक मशीन का इस्तेमाल करके तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

बचाव दल अब तक मलबे से 31 लोगों को निकाल चुकी है। जिसमें से 17 को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। घायलों को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार असगर हुसैन हादसे के बाद से फरार बताए जा रहे थे। बाद में उनका शव मलबे के नीचे से बरामद किया गया। दूसरी ओर, शंभूनाथ बेहेरा ने पोर्ट ट्रस्ट से वह ज़मीन लीज़ पर ली थी जिस पर गोदाम बन रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में शामिल होने के आरोप में चार और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन्वेस्टिगेटर कंस्ट्रक्शन परमिट, सेफ्टी रेगुलेशन और कंस्ट्रक्शन से जुड़े सभी कागजातों की जांच किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *