♥
योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश, मंत्री-अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता
आसनसोल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन की ओर से आसनसोल के ऐतिहासिक पोलो मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।
इस अवसर पर राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार,आसनसोल उत्तर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पांडेश्वर विधायक जितेंद्र तिवारी, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पन्नाबलम एवं आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने योगाभ्यास में हिस्सा लेकर नियमित योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
प्रातःकाल आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सैकड़ों प्रतिभागियों ने प्रशिक्षित योग गुरुओं के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए योग को सबसे प्रभावी माध्यम बताया गया।
आयोजन की एक विशेष आकर्षण कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य योग समारोह का सीधा प्रसारण रहा। पोलो मैदान में लगाए गए विशाल एलईडी स्क्रीन पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आयोजित योग कार्यक्रमों तथा विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की भावना को आत्मसात करते हुए नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि समाज में सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
