ज्वाइंट एंट्रेंस परीक्षा में राज्य में तीसरा स्थान हासिल कर रानीगंज के उमंग भूत ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

रानीगंज। पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (ज्वाइंट एंट्रेंस) में रानीगंज के प्रतिभाशाली छात्र उमंग भूत ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि रानीगंज खनन क्षेत्र सहित पुरे राज्य का नाम रोशन किया है। उमंग की इस उल्लेखनीय सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 24 मई को आयोजित पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा में राज्यभर से दो लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उमंग भूत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित होने के बाद से ही उसे बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उमंग रानीगंज निवासी एवं डाक विभाग के एजेंट अमित भूत के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा रानीगंज के एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से प्राप्त की। बारहवीं कक्षा तक की पढ़ाई वहीं पूरी करने के बाद उन्होंने दुर्गापुर के एक निजी विद्यालय में दाखिला लिया। इसके साथ ही उन्होंने एक निजी कोचिंग संस्थान में भी नियमित रूप से अध्ययन किया और वहीं से परीक्षा की तैयारी कर इस उल्लेखनीय सफलता को हासिल किया। अपनी सफलता के बारे में उमंग ने बताया कि उसने पढ़ाई के लिए कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं किया था। उसका मानना है कि जब भी पढ़ने की इच्छा होती थी, वह पूरी एकाग्रता और लगन के साथ अध्ययन करता था। उसने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और विषयों की गहन समझ ने उसे यह सफलता दिलाई है। भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उमंग ने बताया कि उसका सपना देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी खड़गपुर में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना है। वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज के लिए योगदान देना चाहता है। उमंग की इस उपलब्धि से उसके माता-पिता अत्यंत भावुक और गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पुत्र की मेहनत और समर्पण पर हमेशा विश्वास था, लेकिन राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त करना उनके लिए भी सुखद आश्चर्य है। रानीगंज जैसे खनन क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर इतनी बड़ी सफलता प्राप्त करने वाले उमंग भूत आज क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। स्थानीय लोगों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *