उत्तर बंगाल के पूर्व विकास मंत्री उदयन गुहा फूलबागान से गिरफ्तार

कूचबिहार, 17 जून । पूर्व उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा गिरफ्तार कर लिए गए है। कूचबिहार पुलिस ने दिनहाटा के पूर्व तृणमूल विधायक को फूलबागान स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, उदयन गुहा पर चुनाव के बाद हुई हिंसा, धमकी और भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप हैं। उन्हें फूलबागान थाने ले जाया गया, जहां से उत्तर बंगाल लाए जाने की खबर है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि उन्हें चुनाव बाद हिंसा के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद कूचबिहार में हुई हिंसा में उनकी संलिप्तता के आरोप लगे थे। इसके अलावा उनके खिलाफ कई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले भी दर्ज हैं।

अन्य सूत्रों के अनुसार, थाने में उदयन गुहा ने दावा किया कि जिस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है, उसमें उन्होंने अग्रिम जमानत ले रखी है और पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि माथाभांगा थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। यह शिकायत भवाईया लोकगायक मणिंद्रनाथ बर्मन ने दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि तृणमूल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ गीत गाने के बाद उदयन गुहा ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा दिनहाटा नगरपालिका में आर्थिक घोटाले, घर देने के नाम पर लोगों से पैसे लेने जैसे आरोप भी उनके खिलाफ सामने आए हैं। इन मामलों में भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता गिरफ्तार किए जा चुके है। कुछ नेताओं ने खुलकर पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताई है, तो कुछ चुपचाप सक्रिय राजनीति से दूर हो गए है। इस दौरान कई प्रभावशाली नेता, पूर्व मंत्री, विधायक और पार्षद पुलिस के शिकंजे में आए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *