तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने अमित शाह को लिखा पत्र, पार्टी नेताओं पर हमलों को लेकर जताई चिंता

कोलकाता, 16 जून । तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद सौगत रॉय ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेताओं और पार्टी कार्यालयों पर कथित हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।

अपने पत्र में सौगत रॉय ने सबसे पहले देश के विभिन्न हिस्सों में माओवादी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक माहौल की ओर गृह मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि राज्य में लगातार तनावपूर्ण घटनाएं सामने आ रही हैं।

रॉय ने विशेष रूप से तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और बेलियाघाटा विधायक कुणाल घोष पर हुए अंडा हमले का उल्लेख किया। यह घटना पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर हुई थी। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल नेताओं को निशाना बनाकर किए जा रहे तथाकथित “अंडा प्रहार” की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

पत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई जिलों में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। उनके अनुसार, इन घटनाओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

उल्लेखनीय है कि अंडा फेंकने की घटनाओं का सिलसिला उस समय चर्चा में आया जब डायमंड हार्बर के सांसद और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सोनारपुर में एक दिवंगत पार्टी कार्यकर्ता के परिजनों से मुलाकात के दौरान निशाना बनाया गया था। पार्टी का दावा है कि घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी थी।

इसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई अन्य तृणमूल नेताओं, विधायकों, नगर निकाय अध्यक्षों और पार्षदों के साथ भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं।

सौगत रॉय ने अपने पत्र में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पश्चिम बंगाल में भारी जनादेश मिला है और इसलिए राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उसी की है। उन्होंने गृह मंत्री से स्थिति पर ध्यान देने और आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

इस बीच, कुणाल घोष पर हुए अंडा हमले के मामले में कोलकाता पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *