
रानीगंज/ सन 1975 में रानीगंज के कुछ युवा समाजसेवियों और खेल प्रेमियों ने अपने शहर में एक विशिष्ट खेल संस्था स्थापित करने का जो स्वप्न देखा था, वही आगे चलकर “स्पोर्ट्स एसेंबली, रानीगंज” के रूप में साकार हुआ। इस संस्था ने अपनी स्थापना के 52 वर्षों के दौरान अनेक उतार-चढ़ाव देखे, किंतु कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। समर्पण, अनुशासन और दूरदृष्टि के बल पर यह संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रही। संस्था के वरिष्ठ सदस्य अनूप सराफ ने बतलाया कि
स्पोर्ट्स एसेंबली की शुरुआत नंदलाल जालान स्कूल के एक सभागार से हुई। इसके बाद संस्था ने सत्यनारायण मंदिर के सभागार से अपनी गतिविधियाँ संचालित कीं और अंततः एन.एस.बी. रोड स्थित अपने वर्तमान भव्य परिसर में स्थापित होकर स्थायित्व प्राप्त किया। यह यात्रा केवल स्थान परिवर्तन की नहीं, बल्कि निरंतर विकास और विस्तार की कहानी है।
संस्था के सदस्य कृष्ण मुरारी क्याल ने कहां की आज स्पोर्ट्स एसेंबली केवल रानीगंज की ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की अग्रणी आधुनिक क्लबों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है। एक अत्याधुनिक क्लब में जो सुविधाएँ अपेक्षित होती हैं, वे सभी यहाँ उपलब्ध हैं।
संस्था के प्रतिभाशाली पदाधिकारी अनीश पोद्दार ने बतलाया कि क्लब का भव्य इनडोर स्विमिंग पूल अपने आप में एक अद्वितीय मिसाल है और इसकी आधुनिक संरचना सभी को आकर्षित करती है।
संस्था के कर्मठ पूर्व अध्यक्ष कमलनयन झुनझुनवाला ने बतलाया कि वर्ष भर विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेल आयोजनों से यह परिसर खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहता है।
सभी आधुनिक फिटनेस सुविधाओं से युक्त यह जिम युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।
संस्था के युवा अध्यक्ष सौरभ खेतान ने बतलाया कि क्लब के सुसज्जित कमरे और भव्य ए.सी. बैंकेट हॉल किसी पंचतारा होटल से कम नहीं लगते और विवाह एवं सामाजिक आयोजनों के लिए अत्यंत लोकप्रिय हैं।
महासचिव सरवन कनोडिया ने कहा कि स्वादिष्ट और जायकेदार भोजन के लिए क्लब का रेस्टोरेंट पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है, जहाँ किफायती दरों पर उत्तम भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
क्लब का लॉन और मैदान अत्यंत उपयुक्त स्थल है।
क्लब अपने सदस्यों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बार तथा वर्ष भर विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। संस्था की सक्रिय पदाधिकारी एवं कई सामाजिक संस्थान के प्रमुख अनूप सराफ ने बतलाया कि
इस संस्था को आज जिस ऊँचाई पर देखा जा रहा है, उसके पीछे संस्थापक सदस्यों का अथक परिश्रम, समर्पण और दूरदृष्टि रही है। उन्होंने तन, मन और धन से क्लब के सर्वांगीण विकास में योगदान दिया। इसके साथ ही, समय-समय पर निर्वाचित सभी सभापतियों और सचिवों ने अपने कार्यकाल में क्लब को आधुनिक स्वरूप देने और नई सुविधाएँ जोड़ने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न हो चुका है तथा नए सभापति और सचिव का निर्वाचन भी हो गया है। क्लब के सभी सदस्यों को पूर्ण विश्वास है कि नई कार्यकारिणी स्पोर्ट्स एसेंबली को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने, विकास को और गति देने तथा खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों के क्षेत्र में इसकी प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य करेगी।
कोषाध्यक्ष सतीश बगड़िया ने कहा कि
स्पोर्ट्स एसेंबली, रानीगंज केवल एक क्लब नहीं, बल्कि इस पूरे अंचल के गौरव, एकता, खेल भावना और सामाजिक समर्पण का प्रतीक है।
