आसनसोल दक्षिण में शौचालय निर्माण को लेकर बड़ी पहल, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दो दिन में मांगी सूची

पश्चिम बर्दवान, 15 जून। आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत शौचालय निर्माण को लेकर नई पहल शुरू की गई है। इस संबंध में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंडल अध्यक्षों के माध्यम से दो दिनों के भीतर चार श्रेणियों में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद क्षेत्रों की सूची उपलब्ध कराई जाए, शौचालय निर्माण की व्यवस्था की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के पास अपने घर में जमीन उपलब्ध है और वे शौचालय बनवाना चाहते हैं, उनकी सूची तैयार कर मंडल अध्यक्षों को सौंप दी जाए। सूची में लाभार्थी का नाम और संपर्क नंबर शामिल करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि शहरी बस्तियों में जहां शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां सामुदायिक शौचालय बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जमीन चाहे किसी भी विभाग या संस्था की हो, आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

इसके अलावा बाजार, बस स्टैंड, हाट एवं अधिक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना की भी घोषणा की गई। ऐसे स्थानों की पहचान कर सूची देने को कहा गया है।

मंत्री ने पर्यटन की संभावनाओं वाले क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय निर्माण की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए जहां भविष्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल जमीन से संबंधित दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है। पहले चरण में केवल स्थान, नाम और संपर्क संबंधी जानकारी मांगी गई है, जबकि आगे की प्रक्रिया में जमीन के दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *