दुर्गापुर न्यू टाउन थाना परिसर में तनावपूर्ण स्थिति, गिरफ्तार तृणमूल नेता पर भाजपा समर्थकों ने फेंके अंडे

पश्चिम बर्दवान, 11 जून । गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता सुकुमार दत्ता को अदालत ले जाने के दौरान दुर्गापुर थाना परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका विरोध किया।

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह न्यू टाउनशिप थाना से सुकुमार दत्ता को दुर्गापुर महकमा अदालत ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाना परिसर के बाहर एकत्र हो गए और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा समर्थकों ने सुकुमार दत्ता को निशाना बनाकर अंडे भी फेंके। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए न्यू टाउनशिप थाना पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के निवासी सुकुमार दत्ता के खिलाफ भ्रष्टाचार, आतंक फैलाने और कथित तौर पर वसूली करने से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर बुधवार रात उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुकुमार दत्ता को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *