
क्षेत्र के कर्मी व उनके आश्रित रहे लाभुक
जामुड़िया। ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के क्षेत्रीय अस्पताल में आज एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके आश्रितों ने जांच करवाई। ग़ौरतलब है कि ‘द्विता आई केयर’ के सहयोग से आयोजित इस विशेष शिविर का उद्घाटन महाप्रबंधक श्री अनंत घोष ने किया, वहीं महाप्रबंधक श्री अमित कुमार सिन्हा इस दौरान विशिष्टता से उपस्थित रहे। यह भी उल्लेखनीय है कि इस शिविर में कुल 65 कर्मियों व उनके आश्रितों के नेत्रों की जाँच कर आवश्यक परामर्श दिये गये। मौक़े पर महाप्रबंधक श्री अनंत घोष ने कहा कि कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में नियमित अंतराल पर इस तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित होते रहते हैं जो क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करता है। वहीं, महाप्रबंधक श्री अमित कुमार सिन्हा ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव शरीर का सबसे खूबसूरत अंग नेत्र है जिससे हम संसार को देख पाते हैं और नेत्र को ही केंद्र में रखकर आयोजित हुआ यह जांच शिविर अपने आप में प्रासंगिकता रखता है। क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम चौधरी ने इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधन के नेतृत्व तथा ‘द्विता आई केयर’ के सहयोग से आयोजित इस शिविर की सफलता के लिए सभी संबंधित कर्मियों को साधुवाद दिया। उल्लेखनीय है कि डॉ. पूनम चौधरी देखरेख में आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय अस्पताल के डॉ. मौदीपा बनर्जी, डॉ. रूपक मंडल, डॉ. हमज़ा हमीश एवं डॉ. शाहीन बिस्वास सहयोगी प्रक्रिया में उपस्थित रहे।
