
कोलाघाट, 09 जून । पूर्व मेदिनीपुर के कोलाघाट में आयोजित प्रशासनिक बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस सांसद देव (दीपक अधिकारी) ने स्पष्ट किया कि वह किसी “नए तृणमूल” का हिस्सा नहीं बनने जा रहे हैं और जीवनभर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ रहेंगे।
मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में देव और सांसद जून मालिया भी मौजूद थीं। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में देव ने कहा कि ममता बनर्जी के प्रति उनका सम्मान और स्नेह हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस के सांसद के रूप में चुने गए हैं और जनता की उम्मीदों को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है।
हाल के दिनों में लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के कुछ सांसदों की गतिविधियों को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं। ऐसे में देव की बैठक में मौजूदगी को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि देव ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह किसी नए राजनीतिक गुट के साथ नहीं हैं और तृणमूल कांग्रेस तथा ममता बनर्जी के प्रति उनकी निष्ठा पहले की तरह कायम है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “जब तक जीवित रहेंगे, ममता बनर्जी के साथ रहेंगे और जनता के हित में काम करते रहेंगे।”
