भीषण गर्मी में भाजपा युवा मोर्चा ने बांटा आम का शरबत और ठंडा पानी, हजारों लोगों को पहुंचाई राहत

रानीगंज। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को रानीगंज रेलवे स्टेशन के सामने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से आम का शरबत एवं ठंडा पानी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में यात्रियों,,चालकों, श्रमिकों, दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों को ठंडा शरबत और पेयजल वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सुबह से ही रानीगंज रेलवे स्टेशन परिसर और उसके आसपास सक्रिय रहे। तेज धूप और उमस भरे मौसम के बीच यहां से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को ठंडा पानी और आम का शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राहगीरों का कहना था कि भीषण गर्मी के दौरान इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का परिचायक हैं।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष मोनू वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आम जनता की सुविधा के लिए आम का शरबत और ठंडा पानी वितरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन ने लगभग 5,000 लोगों तक शरबत और पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुरुवार को स्कूल मोड़ क्षेत्र में भी इसी प्रकार का सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। मोनू वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्वदेशी और भारतीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात करते हैं। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में कोल्ड ड्रिंक के स्थान पर आम का शरबत और ठंडा पानी वितरित किया गया, ताकि लोगों को प्राकृतिक और स्वास्थ्यवर्धक पेय उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर अनुप दत्ता, अप्पू शर्मा, राहुल बर्मन, बिक्की दत्ता, पप्पू मिश्रा, सुकेन धिबोर, उत्तल बाउरी, कार्तिक दास, पवन महतो, सुधीर दास, नीरज राउथ, बिक्की सिंह, जितेंद्र यादव, चंदन बाउरी सहित भाजपा युवा मोर्चा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी सामाजिक सेवा और जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *