
आसनसोल । आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रूपनारायणपुर सब्जी बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में 20 से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। दुकानों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान, सब्जियां तथा अन्य व्यापारिक सामग्री आग की चपेट में आकर राख हो गई, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11 बजे स्थानीय लोगों ने बाजार से आग की ऊंची लपटें उठती देखीं। इसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय निवासी, दुकानदार तथा भाजपा के स्थानीय नेता मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल की पहली गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद चित्तरंजन से तथा दूसरी गाड़ी आसनसोल से पहुंची। हालांकि बाजार तक पहुंचने वाले रास्तों पर अवैध रूप से लगी दुकानों और संकरे मार्ग के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में दमकल कर्मियों ने लंबे पाइपों के माध्यम से पानी पहुंचाकर काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना देर रात बाजार बंद होने के बाद हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से प्रभावित दुकानदारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने बाजार क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था की कमी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े बाजार में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। वहीं संकरे और अतिक्रमणयुक्त रास्तों के कारण दमकल वाहनों का समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाना प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था।
