
जामुड़िया। ईसीएल के केंदा क्षेत्र अंतर्गत न्यू केंदा कोलियरी एजेंट कार्यालय के समक्ष गुरुवार को स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार घेराव एवं विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं रूपेश यादव एवं दिलीप पासवान ने बताया कि क्षेत्र की पांच प्रमुख समस्याओं को लेकर एजेंट कार्यालय का घेराव किया गया। हालांकि, एजेंट की अनुपस्थिति के कारण प्रदर्शनकारियों की सीधी वार्ता नहीं हो सकी। बाद में कोलियरी के पर्सनल मैनेजर ने शुक्रवार को एजेंट कार्यालय में बैठक आयोजित कर सभी मुद्दों पर विचार-विमर्श एवं समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व भुइयांपाड़ा क्षेत्र में पानी की टंकी से जुड़े हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। मृतक के परिजनों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं न्याय प्रदान किया जाए। इसके अलावा ईस्ट केंदा कॉलोनी में व्याप्त बिजली संकट को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में दिनभर कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है तथा वोल्टेज भी अत्यंत कम रहता है। इससे घरेलू उपकरणों के संचालन सहित आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक अन्य गंभीर मुद्दे के रूप में ईस्ट केंदा कॉलोनी स्थित खटाल के समीप न्यू केंदा ओसीपी की क्वारी संख्या-3 से बड़े पैमाने पर मीथेन गैस के रिसाव का मामला उठाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस रिसाव के कारण आसपास के जलाशयों में मछलियां मर रही हैं तथा क्षेत्रवासियों को सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने तथा समुचित जल निकासी व्यवस्था के अभाव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि मानसून की शुरुआत के साथ ही ईस्ट केंदा कॉलोनी के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।इसके साथ ही ईसीएल आवासों की कथित अवैध बिक्री का मुद्दा भी प्रदर्शन के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ईस्ट केंदा कॉलोनी क्षेत्र में अनेक ईसीएल आवासों को एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक में बेचा गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। घेराव एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में स्थानीय निवासी बिक्रम पासवान, विक्की सिंह, अमित गोंड, धनंजय राय, चंदन राय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
