
कोलकाता, 02 जून । तृणमूल कांग्रेस के कुछ विधायकों की कथित नाराजगी और पार्टी विरोधी रुख को लेकर पार्टी नेता कुणाल घोष द्वारा “विवेक” की बात किए जाने के बाद दिवंगत अभिनेता और पूर्व सांसद तापस पाल की पत्नी नंदिनी पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और कुणाल घोष पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नंदिनी पाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि बार-बार “विवेक” की बात सुनकर उन्हें असहजता होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ममता बनर्जी राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर में थीं, तब क्या केवल उनके चेहरे को देखकर ही लोग तृणमूल उम्मीदवारों को वोट देते थे? उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता में कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है।
तापस पाल की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति को राजनीतिक जरूरतों के लिए इस्तेमाल किया गया और बाद में उन्हें अनदेखा किया गया। लंबे समय तक मानसिक पीड़ा देकर तापस पाल को ऐसी स्थिति में पहुंचाया गया, जिसने जीवन बर्बाद कर दिया। नंदिनी ने सवाल किया कि उस समय ममता बनर्जी का “विवेक” कहां था।
उन्होंने कुणाल घोष को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि एक समय उन्होंने स्वयं ममता बनर्जी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कई आरोप लगाए थे। नंदिनी ने पूछा कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि आज कुणाल घोष और ममता बनर्जी के बीच राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध पूरी तरह बदल गए हैं।
नंदिनी पाल ने कहा कि राजनीतिक विचार बदलना असामान्य नहीं है, लेकिन ऐसे बदलावों की वजह जानने का अधिकार आम लोगों को है। उन्होंने कुणाल घोष से इस बदलाव की कहानी सार्वजनिक करने की भी मांग की।
तापस पाल की पत्नी की इस टिप्पणी के बाद राज्य की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, इस संबंध में खबर लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
