आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का किया भव्य अभिनंदन

व्यापारिक समुदाय और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय से शहर के विकास को मिलेगी नई गति : कृष्णेंदु मुखर्जी

आसनसोल। आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा चैंबर भवन में एक गरिमामय एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर संगठन के आजीवन सदस्य, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का अभिनंदन किया गया। समारोह में चैंबर के सैकड़ों सदस्य, पदाधिकारी एवं शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, आत्मीयता और गौरव का वातावरण देखने को मिला।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के आगमन पर चैंबर सदस्यों ने पुष्पमालाओं, गुलदस्तों, स्मृति-चिह्नों, धार्मिक चित्रों तथा विभिन्न उपहारों के माध्यम से उनका स्वागत किया। चैंबर के लगभग प्रत्येक सदस्य ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। इस आत्मीय सम्मान से भावुक हुए विधायक ने चैंबर परिवार के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वे स्वयं लंबे समय से इस संगठन से जुड़े रहे हैं। समारोह की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष ओम बगड़िया ने की, जबकि सचिव शंभूनाथ, कोषाध्यक्ष आलोक धार, वरिष्ठ सलाहकार जगदीश केडिया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अरुण शर्मा, जगदीश बागड़ी, अताउल्लाह खान, निरंजन अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, मुकेश तोदी, विनय शर्मा, अमर प्रसाद, अशोक अग्रवाल, विजय माखरिया, शोभन बसु, अविनाश सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। अपने संबोधन में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने वर्षों से शहर की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विकास और व्यापारिक हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है और उनके अनुभव, सुझाव तथा सहभागिता के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।उन्होंने आश्वासन दिया कि विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं और परियोजनाओं में चैंबर के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि व्यापारिक वर्ग के अनुभवों का लाभ भी शहर को मिलेगा। विधायक ने आसनसोल के लिए प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विस्तार, यातायात व्यवस्था में सुधार, व्यापारिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा रोजगार सृजन से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में आसनसोल विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उद्योगों के विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए वे हमेशा चैंबर के साथ संवाद बनाए रखेंगे। साथ ही उन्होंने व्यापारिक समुदाय को भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनके हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान चैंबर सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अपने ही संगठन के एक सदस्य को विधायक के रूप में देख व्यापारिक समुदाय ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताया। वहीं विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने भी चैंबर परिवार के बीच पहुंचकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह संगठन उनके लिए केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है। समारोह के अंत में चैंबर पदाधिकारियों ने विधायक को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शहर और व्यापारिक समुदाय के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *