जामुड़िया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजपुर के माराफारी इलाके में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गणेश गोराई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर जब्त कर ली। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जामुड़िया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिजपुर के माराफारी इलाके में गणेश गोराई लंबे समय से बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्र नाथ सिंह ठाकुर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। अभियान में पीएसआई आदित्य मंडल, एएसआई विपिन पाल, शांतनु मुखर्जी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को भी टीम में शामिल किया गया था, ताकि कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जा सके। पुलिस टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो उसे अवैध शराब बेचने के आरोप की जानकारी दी गई। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान गणेश गोराई ने स्वीकार किया कि वह अवैध शराब बेचने का काम करता है। इसके बाद उसने स्वयं वह स्थान भी दिखाया, जहां अवैध शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने आरोपी की पत्नी रूपा देवी की उपस्थिति में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अवैध शराब जब्त कर ली और गणेश गोराई को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में आरोपी की पत्नी रूपा देवी ने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं और पिछले लगभग 25 वर्षों से इसी कारोबार के जरिए परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे थे। उन्होंने कहा कि दुकान का कोई वैध लाइसेंस नहीं था, लेकिन पति की शारीरिक स्थिति के कारण वह कोई अन्य काम करने में सक्षम नहीं थे। इसी वजह से परिवार की जीविका चलाने के लिए वह अवैध शराब बेचने का काम करते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जामुड़िया सहित पूरे इलाके में अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबार का इतिहास काफी पुराना रहा है। हालांकि हाल के दिनों में राज्य सरकार द्वारा अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए जाने के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जिस तरह पुलिस ने इस अवैध शराब के अड्डे पर कार्रवाई की है, उसी तरह अन्य इलाकों में भी अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *