
जामुड़िया। ईसीएल के सोनपुर बाजारी एरिया स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोनपुर बाजारी एरिया में कार्यरत बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित हुए। इस दौरान कई श्रमिकों ने हिंद मजदूर सभा यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। बैठक के दौरान श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर एचएमएस नेता एवं जेबीसीसीआई सदस्य शिवकांत पांडे ने कहा कि सोनपुर बाजारी एरिया के श्रमिकों का एचएमएस पर विश्वास जताना संगठन के लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि हिंद मजदूर सभा हमेशा से श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है तथा आने वाले दिनों में भी मजदूर हित की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोनपुर बाजारी एरिया में कार्यरत कर्मियों को नियमित रूप से रविवार की छुट्टी नहीं मिलने सहित कई अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन मुद्दों को लेकर जल्द ही प्रबंधन के साथ बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रमिकों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। बैठक में उपस्थित श्रमिकों ने भी अपनी समस्याएं संगठन के समक्ष रखीं और यूनियन से समाधान की मांग की। संगठन के नेताओं ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी जायज मांगों को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। इस अवसर पर एचएमएस के महासचिव शिवकांत पांडे, संयुक्त महासचिव प्रफुल्ल चटर्जी, सोनपुर बाजारी एरिया अध्यक्ष कौशिक घोष, सचिव शिवनाथ घोष, प्रोजेक्ट अध्यक्ष जेपी यादव, सचिव इरशाद खान, साबिर खान, अजय राय, घनश्याम राउत, पृथ्वीराज चटर्जी, पिंटू गोप, नरेंद्र कुमार दुबे, टिंकू नोनिया, मनोज मंडल, आशुतोष ठाकुर, मुनमुन चटर्जी सहित कई यूनियन पदाधिकारी एवं श्रमिक उपस्थित थे।
