
आसनसोल। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच लंबे समय तक बिजली कटौती से परेशान आसनसोल के इस्माइल क्षेत्र अंतर्गत गुरु नानक पल्ली के लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। लगातार कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने और बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग की एक गाड़ी को रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। रविवार को भी लगभग 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए। बिजली नहीं रहने से पीने के पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई, वहीं पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक उपकरण बंद रहने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। लगातार हो रही लोड शेडिंग और लंबे समय तक बिजली कटौती से आम लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। रविवार को स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की एक गाड़ी को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और जल्द बिजली सेवा सामान्य करने तथा समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अवरोध समाप्त कर दिया। हालांकि, क्षेत्रवासियों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी अब भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
