
नवनिर्वाचित विधायक बोले – भयमुक्त वातावरण, आवास, पेयजल और रोजगार होगा प्राथमिक लक्ष्य
बाराबनी। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक ने कहा है कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान ही उन्हें जनता के रुझान का स्पष्ट अंदाजा हो गया था। उन्होंने दावा किया कि बाराबनी की जनता इस बार बदलाव चाहती थी और इसी कारण भाजपा को भारी जनसमर्थन प्राप्त हुआ। इस मौके पर विधायक अरिजीत राय ने कहा कि पिछले कई वर्षों से बाराबनी क्षेत्र में भय और अराजकता का माहौल बना हुआ था। लोगों में असुरक्षा की भावना थी और आम जनता इस स्थिति से मुक्ति चाहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक और तृणमूल शासन के दौरान क्षेत्र में अत्याचार और दबाव की राजनीति का माहौल बना रहा, जिससे आम लोग परेशान थे। उन्होंने कहा, “पिछले 15 वर्षों से बाराबनी की जनता लगातार समस्याओं और भय के माहौल का सामना कर रही थी। इस बार लोगों ने मन बना लिया था कि क्षेत्र में परिवर्तन लाना है और भयमुक्त वातावरण स्थापित करना है। जनता के इसी विश्वास और समर्थन के कारण भाजपा को जीत मिली।” अरिजीत राय ने कहा कि चुनाव जीतना उनके लिए बड़ी चुनौती नहीं था, क्योंकि जनता पहले ही बदलाव का निर्णय कर चुकी थी। उन्होंने कहा कि अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है। विधायक ने कहा कि बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में आज भी लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। अनेक परिवार अब भी कच्चे और मिट्टी के घरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आवास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा ताकि गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल संकट को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बाराबनी के कई गांवों और मोहल्लों में आज भी स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की “हर घर जल” योजना को प्राथमिकता के आधार पर गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। बेरोजगारी के मुद्दे पर विधायक अरिजीत राय ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार के अवसरों की कमी के कारण क्षेत्र के युवाओं को दूसरे राज्यों और शहरों में काम की तलाश में जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “हम प्रयास करेंगे कि स्थानीय कल-कारखानों में क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिले। साथ ही नए उद्योगपतियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हों और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत हो। विधायक ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर कार्य करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और राज्य में के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने अंत में कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य बाराबनी को भयमुक्त, विकसित और खुशहाल क्षेत्र बनाना है, जहां हर वर्ग के लोगों को सम्मान और मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
